छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ट्रकों के पहिए चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को बांकीमोंगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अपने साथी के साथ आर्टिका कार से सुराकछार स्थित रामबाबू कैंप पहुंचा था। वहां खड़े ट्रकों के पहिए निकालते समय मुंशी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पर तलवारनुमा धारदार हथियार रखकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार, चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां और धारदार हथियार जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।
आधी रात को कैंप में घुसे चोर
पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। रामबाबू कैंप में मुंशी विकास यादव सो रहे थे। इसी दौरान वह पेशाब करने के लिए उठे तो देखा कि कुछ लोग कैंप में खड़े वाहनों के पहिए निकालकर सड़क किनारे रख रहे हैं। विकास यादव ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने उनकी गर्दन पर तलवारनुमा धारदार हथियार रख दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी चार पहिए निकाल चुके थे।
मुंशी ने शोर मचाया तो भागे आरोपी
विकास यादव ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। हालांकि, कुछ देर बाद वे चोरी किए गए पहिए लेने दोबारा कैंप पहुंच गए। इस बीच मुंशी ने वाहन मालिकों को घटना की सूचना दे दी थी। वाहन मालिकों के पहुंचने पर आरोपियों ने आर्टिका कार क्रमांक CG 04 PC 9142 से भागने की कोशिश की। सुराकछार से बांकीमोंगरा की ओर भागते समय उनकी कार पुरेना अंडरब्रिज के नीचे खेत में घुस गई। इसी दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार चालक को वाहन मालिकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कार से चार पहिए, दो बैटरियां और तलवार बरामद
सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान कार से चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां, एक धारदार तलवार और व्हील पाना बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजीर अली (26 वर्ष), पिता रियासत अली, निवासी तेंदुटिकरा, उदयपुर जिला सरगुजा के रूप में हुई है।
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 309(4), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
क्षेत्र में ट्रकों के पहिए चोरी होने की लगातार घटनाओं से वाहन मालिकों में चिंता बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सत्यम साहू के नेतृत्व में PSI निखिल देवांगन, ASI नंदलाल टंडन और आरक्षक संजय रात्रे, हरीश मरावी, बुद्ध सिंह मधुकर, संजय सिंह तथा हिमांचल कंवर की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और मामले की आगे की जांच कर रही है।
खड़ी गाड़ियों से पहिया चोरी करने वाला गिरोह,मुंशी की गर्दन पर रखी तलवार
खड़ी गाड़ियों से पहिया चोरी करने वाला गिरोह,मुंशी की गर्दन पर रखी तलवार
खड़ी गाड़ियों से पहिया चोरी करने वाला गिरोह,मुंशी की गर्दन पर रखी तलवार