कोबरा के कटघोरा नगर के वार्ड नंबर 2 तहसीलभाठा क्षेत्र में धार्मिक तनाव और शोर–शराबे को लेकर शनिवार को स्थिति गंभीर हो गई, जब मोहल्ले के दर्जनों रहवासी प्रशासन के दरवाज़े तक अपनी शिकायत लेकर पहुँचे. वार्डवासियों का आरोप है कि स्थानीय निवासी बजरंग जायसवाल द्वारा लंबे समय से धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसके चलते क्षेत्र में असंतोष और अशांति बढ़ती जा रही है।
धर्मांतरण कराने का आरोप, लाउडस्पीकर से फैल रहा शोर
मोहल्लेवासियों ने बताया कि बजरंग जायसवाल पर धर्मांतरण का प्रयास करने और अपने घर में तेज़ आवाज़ में लाउडस्पीकर बजाने का आरोप है. लोगों का कहना है कि जब भी कोई आपत्ति जताई जाती है तो उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है. ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बजरंग जायसवाल द्वारा हिंदू देवी–देवताओं के प्रति भी अभद्र टिप्पणियाँ की गईं, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएँ आहत हुई हैं।
बाहरी लोगों की आवाजाही और गाली-गलौज से बढ़ी परेशानी
आरोप है कि उनके घर पर कई बाहरी लोग आते-जाते रहते हैं और उनमें से कुछ लोग मोहल्लेवासियों से गाली-गलौज करते हैं. इससे न सिर्फ तनाव का माहौल बना हुआ है, बल्कि आम लोगों के घरों के सामने से आवाजाही भी बाधित हो रही है. वार्डवासी यह भी कह रहे हैं कि बजरंग जायसवाल के घर आने वाले लोग निर्माणाधीन सार्वजनिक सड़क पर नुकसान पहुँचा रहे हैं, जिससे आवागमन में और ज़्यादा दिक्कतें बढ़ गई हैं।
SDM कार्यालय और थाना पहुँचकर सौंपा ज्ञापन
इन सभी समस्याओं से परेशान होकर आज वार्ड के महिला और पुरुषों का एक समूह एसडीएम कार्यालय और कटघोरा थाना पहुँच गया. लोगों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से तत्काल और सख़्त कार्रवाई की गुहार लगाई।
बजरंग जायसवाल के खिलाफ FIR दर्ज
थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बताया कि मामले की जाँच शुरू कर दी गई है. उन्होंने पुष्टि की कि बजरंग जायसवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।