खेत में मस्ती करता नाग-नागिन का जोड़ा।
- फोटो : संवाद
अक्सर आपने फिल्मों और सीरियल में नाग-नागिन के जोड़े को डांस करते और प्रेम करते देखा होगा, लेकिन छत्तीसगढ़ के कोरबा में यह जीवंत हो उठा। बारिश की दस्तक के साथ ही नाग-नागिन का जोड़ा एक-दूसरे से लिपटे मस्ती करते रहे। करीब आधे घंटे तक यह सब चलता रहा और लोग अपने मोबाइल के कैमरे में उसे कैद करते रहे। दरअसल, मई-जून का महीना सांपों के मिलन का समय माना जाता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मान्यता है कि नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दे तो मानसून में अच्छी बारिश होती है।
नाग-नागिन की मस्ती का यह नजारा कटघोरा के कासनियां स्कूल पारा के एक खेत में दिखाई दिया है। खेतों में नाग-नागिन को इस तरह से देखकर वहां लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसे उनका डांस समझा और आकर्षण का केंद्र मानकर अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि नाग-नागिन की लंबाई करीब सात से आठ फीट की थी। फिलहाल सांपों की मस्ती को देखकर लोग खूब आनंद ले रहे हैं और उनका यह वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।