जिले में उरगा पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने कोरबा और सक्ती जिले से चोरी की कुल 4 बाइक और एक साइलेंसर बरामद किया है।
कोरबा जिले में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार और 1 नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरोपियों से कुल 4 चोरी की बाइक और एक साइलेंसर बरामद हुआ है।
विज्ञापन
10 अक्टूबर को ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी में चोरी हुई थी। प्रार्थी जितेंद्र टंडन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोरों ने शोरूम की छत का टीन और पीछे का ताला तोड़कर एक नई HF Deluxe Pro बाइक और Exide की 15 बैटरियां चुरा लीं। अपराध क्रमांक 581/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरपाली भट्ठी रोड में घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर (18) निवासी ठरकपुर और विनय कुमार कंवर (19) निवासी पुराना रिस्दा को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूली। बाइक का साइलेंसर घर में छिपाया था, बैटरियां डर से हसदेव नदी में फेंक दी थीं। पुलिस ने बाइक और साइलेंसर बरामद किया।
विज्ञापन
25 अक्टूबर को भैंसमा चौक के पास से स्प्लेंडर क्रमांक CG 12 AT 9778 चोरी हुई। प्रार्थी ने अपराध क्रमांक 596/2026 दर्ज कराया। सूचना पर पुलिस ने सागौनबाड़ी भैंसमा के पास घेराबंदी कर महेंद्र चौहान (18) निवासी नगरदा और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। दोनों ने भैंसमा से बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
दोनों मामलों में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से भी एक-एक बाइक चोरी करना कबूला। पुलिस ने नगरदा से चोरी की 2 बाइक और बरामद कीं। इस तरह कोरबा की 2 और सक्ती की 2, कुल 4 बाइक बरामद हुईं। तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया।