कोरबा जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दर्री थाना क्षेत्र में हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब चार बजे हुआ। दर्री थाना क्षेत्र में हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को केबिन से बाहर निकाला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क कर रही है, ताकि चालक की शिनाख्त की जा सके।
पढे़ं: राजनांदगांव गो-हत्या मामले में मुख्य आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, अब तक 14 पकड़े गए
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दर्री क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार के कारण यहां सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मृतक की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वाहन मालिक से जानकारी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।