कोरबा में चोरों के हौसले बुलंद हैं। भगवान के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। शहर के दो मंदिरों में चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक वारदात साडा कॉलोनी निहारिका के शिव मंदिर की है, तो दूसरी सिविल लाइन थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर की, जहां 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी हुई। दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
पहली घटना निहारिका स्थित नगर निगम आवासीय परिसर के श्री शिव मंदिर की है। यहां बीती रात करीब 12:13 बजे एक अज्ञात चोर मंदिर में घुसा। सन्नाटे का फायदा उठाकर उसने दान पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। सुबह जब सेवादार और श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो दान पेटी का ताला टूटा देख होश उड़ गए। समिति के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो चोर साफ तौर पर वारदात को अंजाम देता दिखा।
गौरतलब है कि इस कॉलोनी में नगर निगम के आला अफसर, न्यायाधीश, बैंककर्मी और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी निवास करते हैं। शहर के सबसे पॉश इलाके में इस तरह मंदिर में चोरी होने से लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब यहां सुरक्षा इतनी लचर है तो बाकी इलाकों का हाल क्या होगा। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
दूसरी ओर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने 24 घंटे में दो बार धावा बोला। पहली रात चोर दो दान पेटियों को ही उठा ले गए। उसी रात दोबारा आकर चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। मंदिर समिति ने बताया कि दोनों वारदातों की पूरी करतूत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने दोनों मंदिरों में हुई चोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है।