रजगामार स्थित रावण मैदान में दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़, लज्जा भंग और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत पर रजगामार चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता पिता के निधन के बाद अपने चाचा के संरक्षण में रहकर पढ़ाई कर रही है। चाचा ही उसके विधिक अभिभावक के रूप में सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। दशहरा के दिन रावण मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान पीड़िता वहां मौजूद थी। आरोप है कि कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने नाबालिग पर अभद्र और अश्लील टिप्पणी की। पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। जब पीड़िता और उसका भाई आरोपियों के पास पहुंचे तो कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया और दिनेश चौहान ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें-
रायपुर की बड़ी खबरेंः अर्नब चक्रवात का खतरा, सड़क हादसे में पांच की मौत, बीजेपी का मिशन 2028 पर फोकस
बीच-बचाव करने आई नाबालिग के साथ भी तीनों ने अश्लील हरकत की। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसकी लज्जा भंग की और दुपट्टा खींचा। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। परिजन उसी रात रिपोर्ट दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां सुनवाई नहीं होने का आरोप है। पुलिस ने मामला बालको थाना क्षेत्र का बताकर टाल दिया। इसके बाद परिजन बालको थाना पहुंचे, जहां प्रभारी के आने पर देखने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया गया।
न्याय नहीं मिलने पर परिजनों ने कोरबा एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और रजगामार चौकी में अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़, लज्जा भंग, मारपीट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।