हत्या कराने वाली मां और सुपारी किलर को उम्रकैद
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा जिले के कटघोरा के प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने एक हत्या के मामले में फैसला सुनाया है। इसमें पति की हत्या कराने वाली पत्नी और सुपारी किलर को आजीवन कारावास की सजा मिली है। दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जा नगर में हुई इस वारदात में पुलिस की सटीक जांच और अभियोजन की मजबूत पैरवी से दोषियों को सजा दिलाई जा सकी।
अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने इस मामले की पैरवी की। दीपका थाने में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके जीजा जगजीवन राठे ऊर्जा नगर स्थित घर में मृत पाए गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी धनेश्वरी राठे ने ही पति की हत्या की सुपारी दी थी। उसने दीपका के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन राठे की हत्या की थी। हत्या के बाद धनेश्वरी ने तुषार को 6 हजार रुपये नकद और एक सोने का हार भी दिया था।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा किया। दोनों आरोपी धनेश्वरी राठे और तुषार सोनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा में चालान पेश किया। न्यायालय में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई।
प्रत्यक्षदर्शी बेटी की गवाही
इस मामले में मृतक की पुत्री सबसे महत्वपूर्ण गवाह बनी, जो घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया था और कोर्ट में भी उसका बयान अखंडनीय रहा। उसने स्पष्ट रूप से मां द्वारा पिता की हत्या कराने की बात कही। अन्य गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने भी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य दिए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोप सिद्ध मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।