छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार देर शाम ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। युवक किसी काम से निकला था। इसी दौरान रास्ते में ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोग भड़क गए और जाम लगाने की कोशिश की। हालांकि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। हादसा सीएसबी चौकी क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर निवासी यशवंत पैकरा (28) कुसमुंडा खदान में नियोजित नीलकंठ ठेका कंपनी में काम करता था। वह रविवार शाम करीब 7 बजे किसी काम से टीपी नगर आया हुआ था। इसी दौरान देवांगन होटल के पास ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। इसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।