कांकेर जिला पुलिस और साइबर सेल की टीम ने उत्तर प्रदेश से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी फॉर्च्यूनर कार में 2.23 करोड़ रुपये मूल्य का 447.720 किलोग्राम गांजा भरकर ओडिशा से हरियाणा ले जा रहा था। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की पड़ताल के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपी को दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी हरियाणा के जिला फतेहाबाद अंतर्गत पुराना वाटर वर्क्स के पास, स्वामी नगर का निवासी 30 वर्षीय सुखपाल उर्फ सुक्खा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 447.720 किलोग्राम गांजा, एक कार, छह फर्जी नंबर प्लेट और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 2.49 करोड़ रुपये आंका गया है।
नाकेबंदी तोड़कर जंगल में फेंका गांजा
पुलिस को 4 नवंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि तस्कर ओडिशा से केशकाल के रास्ते एक कार में गांजा लादकर कांकेर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गढ़पिछवाड़ी चौक बायपास मार्ग पर नाकेबंदी की। लगभग एक घंटे के इंतजार के बाद वहां पहुंची संदिग्ध कार के चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी की गति बढ़ा दी और घेराबंदी तोड़कर शहर की तरफ भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने माकड़ी पुलिया और ज्ञानी चौक पर भी कड़ी नाकेबंदी की तथा शहर की गलियों में सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान आरोपी ने ग्राम सिंगारभाट के राइस मिलपारा में स्थित शिव मंदिर के पास पहाड़ी और जंगल वाले इलाके में भूरे टेप से लिपटे 90 पैकेट फेंक दिए। गवाहों की मौजूदगी में जब पुलिस ने इनकी गिनती और तौल कराई, तो कुल 447.720 किलोग्राम गांजा मिला।
तीन सौ कैमरों के फुटेज से मिली सफलता
वारदात के बाद आरोपी लगातार अपना स्थान बदल रहा था और बीच-बीच में मोबाइल फोन बंद कर लेता था। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने टोल नाकों, पेट्रोल पंपों और मुख्य चौराहों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर सुराग जुटाते हुए पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर हरियाणा तथा आसपास के राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचता था। जांच से बचने के लिए वह कार में ओडिशा, महाराष्ट्र और हरियाणा की छह अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेट रखता था और रास्ते में जरूरत के हिसाब से बदल लेता था।
न्यायालय में पेश कर भेजा रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने तस्कर से 2,23,50,000 रुपये का गांजा, 25,00,000 रुपये कीमत की कार तथा 10,000 रुपये का मोबाइल जब्त किया। गांजा तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो दिनों में कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में कुल 884.410 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5.92 करोड़ रुपये है।