छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला अंतर्गत ग्रामीण व वनांचल क्षेत्र के हजारों लोग रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश जाते है। ये लोग कई बार ठेकेदार के चक्कर में फंस जाते है। ऐसा ही एक मामला जिले के बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में आया है। यहां के छह लोगों को तमिलनाडु में एक ठेकेदार ने बंधक बना लिया था। इन लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पहल पर वापस लाया गया है।
विज्ञापन
मिली जानकारी अनुसार, प्राधिकरण के पैरालीगल वालेंटियर को जानकारी मिली कि वनांचल के कुछ लोग रोजगार के लिए तमिलनाडु के चित्तूर (तिरुपति बालाजी) चले गए है। वहां इन लोगों को एक ठेकेदार के माध्यम से जूस फैक्ट्री में काम कराया जा रहा था। ये सभी लोग वापस अपना घर आना चाह रहे थे, लेकिन ठेकेदार के दबाव के कारण घर नहीं आ पा रहे थे। इस पर विधिक सेवा प्राधिकरण व तरेगांव जंगल थाना ने पहल की। तरेगांव जंगल थाना प्रभारी युवराज साहू ने ठेकेदार से फोन के माध्यम से संपर्क कर ठेकेदार को मजदूर ले जाने वाले व्यक्ति ने समझाया। इसके बाद सभी की वापसी हुई।