कबीरधाम के थाना तरेगांव जंगल अंतर्गत एक हत्या के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। थाना तरेगांव प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह ने बताया कि 13 जून को प्रार्थी तिहारी बैगा निवासी बंधौरा थाना तरेगांव जंगल द्वारा मौखिक सूचना दी गई कि उसके गांव के तिहर सिंह धुर्वे ने आकर बताया कि सिंगरू बैगा मृत अवस्था में अपने खेत बाड़ी में कंबल से ढका पड़ा है।
सूचना पर पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंचे व देखा कि मृतक सिंगरू बैगा अपने खेत बाड़ी में मृत पड़ा हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। मौके पर की गई प्रारंभिक पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पुत्र सोनसिंह बैगा से पूछताछ की गई, जिसने स्वीकार किया कि 13 जून की रात में दलदली से घर लौटते समय उसके और उसके पिता सिंगरू बैगा के बीच वाद-विवाद हुआ था। गुस्से में आकर सोनसिंह ने बांस के डंडे से अपने पिता पर कई वार किए,जिससे वे बेहोश हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने यह भी बताया कि उसने मृतक पर कंबल डाल दिया था तथा घटना के समय पहने अपने वस्त्र खून के धब्बों सहित घर में छुपा कर रख दिए थे। आरोपी के कथन के आधार पर खून लगे कपड़े व घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया गया। आरोपी सोनसिंह बैगा को 14 जून को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है व आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।