कुकदूर थाना पुलिस जांच शुरू कर दी है
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक बुजुर्ग ने अपने ही समधी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान टहलु राम गोंड (65) निवासी ग्राम लखनपुर, थाना कुकदूर के रूप में हुई है। वहीं आरोपी का नाम दुखीराम श्याम निवासी दैहानटोला बताया गया है। दोनों आपस में समधी थे और पारिवारिक संबंध होने के कारण एक-दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था। आरोपी दुखीराम श्याम अपने समधी टहलु के घर पहुंचा था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में रखे डंडे से टहलु पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से टहलु राम लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े व उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कुकदूर थाना प्रभारी टीआई संग्राम सिंह ने बताया कि आज रविवार को शव का पोस्टमार्टम कुकदूर के सरकारी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।