कबीरधाम जिले के थाना चिल्फी क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आज शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जंगल के सुनसान रास्ते में वारदात को अंजाम देने से जुड़ा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने परिचित के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम से लौटते समय ग्राम सरोदादादर से रानीदहरा मार्ग के बीच जंगल क्षेत्र में दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही महिला थाना और थाना चिल्फी की टीम तुरंत सक्रिय हुई तथा पीड़िता को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।डीएसपी केके चंद्राकर ने बताया कि आरोपियों की पहचान संबंधी वैधानिक प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल उनके नाम, फोटो और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।