जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कबीरधाम
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम जिले में वार्षिक परीक्षा से ठीक पहले शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किए जाने को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को पंडरिया ब्लॉक में चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि परीक्षा से पहले छात्रों की तैयारी के लिए शिक्षकों का स्कूल में रहना जरूरी है, ऐसे में प्रशिक्षण का समय उचित नहीं है।
टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार 17 मार्च से कक्षा आठवीं की वार्षिक परीक्षा शुरू होने वाली है। इसके बावजूद पंडरिया ब्लॉक में सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय के 111 शिक्षकों का पांच से नौ मार्च तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान सत्र 2025-26 में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन परीक्षा के ठीक पहले प्रशिक्षण आयोजित करना इस अभियान की मंशा पर सवाल खड़े करता है। संगठन ने स्पष्ट किया कि उन्हें शिक्षक प्रशिक्षण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रशिक्षण के समय को लेकर गंभीर आपत्ति है।
सत्र समाप्ति के समय प्रशिक्षण क्यों?
एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि जब शिक्षा सत्र की शुरुआत 16 जून से होती है तो जुलाई से जनवरी के बीच प्रशिक्षण क्यों नहीं कराया गया। लगभग सत्र समाप्ति और वार्षिक परीक्षा से पहले प्रशिक्षण आयोजित करने को लेकर संगठन ने प्रशासन से जवाब मांगा है। प्रदेश के लोक शिक्षण संचालनालय ने 17 मार्च से कक्षा आठवीं की वार्षिक परीक्षा शुरू करने का कार्यक्रम तय किया है। वहीं मिडिल स्कूलों में छठवीं और सातवीं की स्थानीय परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित की जानी हैं। ऐसे में मिडिल स्कूल शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कई सवाल खड़े करता है।
नए सत्र में कराने की मांग
टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया है कि शिक्षक प्रशिक्षण के लिए जुलाई से जनवरी का समय उपयुक्त होता है। इसलिए प्रशिक्षण को नए शिक्षा सत्र 2026-27 में आयोजित किया जाना चाहिए।