सीएम साय और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत
- फोटो : अमर उजाला
नए साल के पहले दिन एक जनवरी 2026 को कबीरधाम जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देते हुए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपए की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर का भूमिपूजन होगा। इस प्रोजेक्ट के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएम विष्णुदेव साय, केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय आवासन व शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, डिप्टी सीएम अरूण साव, विजय शर्मा समेत राज्य सरकार के अन्य मंत्री शामिल होंगे।
इस आयोजन की तैयारी जारी हैं। भोरमदेव में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के तैयारी का आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर गोपाल वर्मा, एसपी धर्मेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। आईजी ने भोरमदेव कार्यक्रम स्थल पर की जा रही समस्त प्रशासनिक, सुरक्षा का जायजा लिया।
उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता व आपातकालीन सेवा से संबंधित व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान वीआईपी सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था व आकस्मिक परिस्थिति से निपटने वैकल्पिक योजना की समीक्षा किया। एसपी ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।