कबीरधाम पुलिस ने कुकदूर में बिना दस्तावेज के 1.04 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पान मसाला और च्युइंग तंबाकू से भरी ट्रक को जब्त किया। चालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
कबीरधाम पुलिस ने गुरुवार को कुकदूर थाना क्षेत्र में एक ट्रक (क्रमांक HR 55 AK 9119) से भारी मात्रा में अवैध पान मसाला और च्युइंग तंबाकू जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति जब्त की गई, जिसमें ट्रक की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये शामिल है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी कुकदूर, टीआई आशीष कंसारी ने बताया कि दिल्ली-पंजाब-असम रोड लाइंस पर वाहन जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जांच में ट्रक में 190 बोरियों में लगभग 15 लाख 96 हजार पाउच पान मसाला (कीमत करीब 63 लाख 84 हजार रुपये) और 38 बोरियों में 15 लाख 96 हजार पाउच च्युइंग तंबाकू (कीमत करीब 15 लाख 96 हजार रुपये) बरामद किया गया।
ट्रक चालक सुरजीत सिंह (24) निवासी बड़ाखेड़ा, थाना मलावन, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया यह माल दिल्ली से कटक (ओडिशा) तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक और माल को जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। ट्रक को थाना परिसर में रखा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।