झीरम घाटी मामले के पीड़ित परिवार 26 सितंबर को दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। बैठक में एनआईए कोर्ट के 10 दोषियों को मृत्युदंड के फैसले, आगे की कानूनी प्रक्रिया और परिवारों की मांगों पर चर्चा होगी।
छत्तीसगढ़ झीरम घाटी मामले से प्रभावित और पीड़ित परिवारों का प्रतिनिधिमंडल 26 सितंबर को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में डेढ़ दर्जन से अधिक पीड़ित और प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल इस बैठक के दौरान पीड़ित परिवार राहुल गांधी को झीरम घाटी मामले में आए अदालत के हालिया फैसले और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे।
विज्ञापन
झीरम घाटी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने 16 सितंबर को 10 दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। अदालत का फैसला आने के बाद पीड़ित परिवारों और कांग्रेस नेताओं ने मामले को लेकर आगे भी अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखने की बात कही थी। अब पीड़ित परिवारों की राहुल गांधी से प्रस्तावित मुलाकात को इसी की अगली कड़ी माना जा रहा है। इस दौरान अदालत के फैसले के विविध कानूनी पहलुओं, पीड़ितों की आगे की मांगों और भविष्य के कदमों पर गंभीर चर्चा होगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से बातचीत के बाद बनाएंगे रणनीति
दिल्ली प्रवास के दौरान पीड़ित परिवारों के सदस्य कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इससे पूर्व रायपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस ने झीरम मामले को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा करने तथा दिल्ली में पीड़ित परिवारों के साथ एकजुट होकर अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया था। दोषियों को सुनाई गई मृत्युदंड की सजा की पुष्टि और इसके खिलाफ अपील की प्रक्रिया अब उच्च न्यायालय के स्तर पर आगे बढ़ेगी। राहुल और शीर्ष नेताओं से विचार-विमर्श के बाद ही पीड़ित परिवार तथा पार्टी नेता मामले में आगे की रणनीति और दिशा तय करेंगे।