जांजगीर चांपा जिले के ग्राम नरियरा में तड़के सुबह एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में लिया है। हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हुई तो दूसरे युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए बिलासपुर भेजा गया है। वहीं चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने गुस्से में आकर जांजगीर से बिलासपुर मुख्यमार्ग पर चक्का जाम किया हुआ है। घटना मुलमुला थाना क्षेत्र की है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची हुई है।
मिली जानकारी अनुसार, ग्राम नरियरा का रहने वाला अतुल साहू अपने साथी के साथ बाइक में सवार होकर कही जा रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने लापरवाही पूर्वक चलते हुए जोरदार ठोकर मारी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। जिसमें अतुल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बिलासपुर भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही की जा रही है। मगर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और चक्का जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि कलेक्टर या एसपी या डीएसपी बड़े अधिकारी आने पर ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। नहीं तो नहीं जाने देने की बात को लेकर ग्रामीण अड़े हुए है। मौके पर पुलिस टीम भी पहुंची है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तेज रफ्तार से गांव के कई लोगों की जान चली गई है। मगर प्रशासन कोई उच्चित व्यवस्था इन बड़े वाहनों के खिलाफ क्यों नहीं कर पा रहा है।