जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के ग्राम भैंसो के पास कार नाले के किनारे पलट गई। हादसे में तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौत हो गई, जबकि दो साथी मामूली रूप से घायल हुए। पुलिस जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार तड़के एक सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी मामूली रूप से घायल हो गए। हादसा पामगढ़ थाना क्षेत्र में बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर ग्राम भैंसो के पास हुआ। तीनों युवक बिलासपुर के एक पशु केंद्र में लावारिस कुत्ते को छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई।
हादसे के समय तुस्मा गांव निवासी जय कुमार साहू कार की पिछली सीट पर बैठा था। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहा खरौद निवासी चिन्ना देवगन और आगे की सीट पर बैठा गिधौरी निवासी अभय अवस्थी बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
फिलहाल, कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे क्यों पलटी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।