कांग्रेसियों ने पीएम मोदी का फूंका पुतला
- फोटो : अमर उजाला
मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा और चार मई को मणिपुर की दो महिलाओं को नग्न करके सड़कों पर घुमाने के मामले ने केंद्र सरकार और मणिपुर की राज्य सरकार को दबाव में डाल दिया है। ऐसे में मजबूरन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मणिपुर को लेकर चुप्पी तोड़नी पड़ी पर मणिपुर की घटना को जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस शासित प्रदेशों मुख्यतः छत्तीसगढ़ और राजस्थान के साथ जोड़कर मणिपुर की तुलना करके अपने ही बयान पर फंस गए हैं।
जब से मणिपुर की घटना को लेकर प्रधानमंत्री का बयान आया है पूरा विपक्ष और खासकर छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा कांग्रेसी आक्रोशित है और जगह-जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, इसी तारतम्य में राष्ट्रीय महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. पलक वर्मा,प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं राष्ट्रीय सचिव बस्तर लोकसभा प्रभारी श्रीकान्त जेना के निर्देश पर बस्तर जिला युवा कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष अजय बिसाई एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष कृष्ण मोहन पाढ़ी के नेतृत्व में 22 जुलाई को 12 बजे गोल बाजार चौक जगदलपुर में विरोध प्रदर्शन व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया, इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी उपस्थित थे और युवा कांग्रेसी काफी आक्रोशित भी दिखाई दिये जिन्हें पुतला दहन के दौरान पुलिस रोकने में नाकाम भी रही।
युवा कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष अजय बिसाई और ग्रामीण जिला अध्यक्ष कृष्ण मोहन पाढ़ी ने बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान अशोभनीय है और निंदनीय है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने इस दौरान कहा कि मणिपुर में पिछले 90 दिनों से आग लगी हुई है। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी प्रदेश की राज्यपाल मीडिया में आकर के मणिपुर की स्थिति बता रही है वह खुद को कितना असहाय महसूस कर रही है। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ की नारियों का अपमान किया है उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए छत्तीसगढ़ और राजस्थान की जनता से।