बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र के ग्राम तिरथुम के पास मंगलवार की देर शाम को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, इस हादसे में जहां दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जगदलपुर से एक बाइक में सवार होकर अमित देवनाथ व उसका मित्र आ रहा था। वहीं दूसरी बाइक में एक अकेला युवक बास्तानार की ओर से आ रहा था। दोनों चालकों को रोशनी के चलते एक दूसरे की बाइक दिखाई नहीं दी, जिसके बाद आमने-सामने टक्कर हो गई, इस घटना में किरंदुल निवासी अमित देवनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पीछे बैठा उसका दोस्त घायल हो गया। इस घटना में वाहन चालक मिलिंद कुमार ने भी दम तोड़ दिया, घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतकों के शव को मेकाज की मोर्चरी में रखवा दिया गया, घटना के बाद किरंदुल से परिजन जगदलपुर के लिए निकल गए, जो देर रात तक अस्पताल पहुंचे।
इकलौता बेटा था मृतक
किरंदुल निवासी अमित देवनाथ अपने घर का इकलौता बेटा था, अमित महाराष्ट्र में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, जबकि अभी कुछ दिनों की छुट्टी होने के कारण अपने घर किरंदुल आया हुआ था। बेटे की मौत की खबर का पता चलते ही परिजनों में मातम छा गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वही अमित के पिता एनएमडीसी में कार्य करते हैं।
टायर बदलवाने आया था जगदलपुर
परिजनों ने बताया कि अमित के पास केटीएम बाइक थी, जिसे लेकर आज सुबह जगदलपुर टायर बदलवाने के लिए आया हुआ था। काम पूरा होने के बाद वापस घर जाने के दौरान तिरथुम के पास हादसा हुआ, जिसमें अमित की मौत हो गई।