छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्थित नगरनार स्टील प्लांट ने उत्पादन शुरू करने की दिशा में चल रही प्रक्रिया का बड़ा पड़ाव पार कर लिया है। सोमवार दोपहर वैदिक रीति से पूजा-अर्चना के बाद कोक ओवन बैटरी नंबर 2 में कोयला चार्ज कर इसे कमीशन किया। निर्धारित अवधि बाद कोक ओवन बैटरी इस कोयले को कोकिंग कोल के रूप में डिस्चार्ज करेगी। इसके साथ ही नई कार्यरत बैटरी से उठता काला धुआं भी बंद हो जाएगा। इसके बाद अब प्लांट में जल्द ही स्टील का उत्पादन भी शुरू हो सकेगा।
एनएमडीसी के उत्पादन निदेशक डी के मोहंती ने बताया कि अतिआधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस कोक ओवन काम्प्लेक्स आज पूरी तरह कार्यरत हुआ है। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। ब्लास्ट फर्नेस की कमीशनिंग इस कोक ओवन काम्प्लेक्स की उपज पर निर्भर होती है। कोक ओवन बैटरी नंबर एक को पिछले साल अक्तूबर के अंत में ही कार्यरत किया गया है। अब नगरनार स्टील प्लांट का कोक ओवन कॉम्प्लेक्स पूरी तरह कार्यात्मक हो गया है। ब्लास्ट फर्नेस की कोक की आवश्यकता को पूरा करने के लिए तैयार है।
एनएमडीसी ईडी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि ये पर्यावरण के अनुकूल बैटरियां बिना विषैला धुआं छोड़े कोकिंग कोल का उत्पादन करेंगी। उन्होंने अपनी टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह टीम की प्रतिबद्धता का सत्यापन है जो हमें जल्द ही स्टील प्लांट को चालू करने का विश्वास दिलाता है। एनएमडीसी के अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में ब्लास्ट फर्नेस, स्टील मेल्टिंग शाप आदि संयंत्रों की कमीशनिंग करके स्टील उत्पादन शुरू करने की योजना है।