परपा थाना क्षेत्र के ग्राम देऊरगांव में मंगलवार शाम एक अनियंत्रित बोलेरो ने टैक्सी वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक नौ लोग घायल हो गए। बोलेरो चालक की तेज और लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो चालक की जमकर पिटाई की और वहां से गुजर रहे एक फॉलो वाहन में भी तोड़फोड़ कर दी। चालक डर के मारे मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम को चित्रकोट की ओर से एक टैक्सी वाहन यात्रियों से भरकर जगदलपुर की ओर आ रहा था। देऊरगाँव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने लापरवाही से चलाते हुए टैक्सी को जोरदार टक्कर मारी। इस टक्कर में टैक्सी में सवार सभी यात्री घायल हो गए। इसके साथ ही, बोलेरो की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी घायल हो गया।
घायलों को मेकाज में किया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने बोलेरो चालक की पिटाई की और टैक्सी में सवार सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेकाज अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान, चित्रकोट की ओर से आ रहे एक फॉलो वाहन को रुका देख गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालकर उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। डर के मारे फॉलो वाहन का चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बोलेरो चालक को अपनी हिरासत में ले लिया। घायलों को मेकाज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इस दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।