इंद्रावती पुल से कूदने की आशंका वाले रायगढ़ निवासी युवक की तलाश तीन दिन से जारी है। सर्चिंग के दौरान एसडीआरएफ को युवक की जगह पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसे पुलिस को सौंपा गया।
गुरुवार सुबह रायगढ़ निवासी एक युवक द्वारा अपनी स्कूटी इंद्रावती पुल पर खड़ी कर नदी में छलांग लगाने की बात सामने आई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। तीन दिन की लगातार तलाश के बाद युवक की जगह एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया।
विज्ञापन
रायगढ़ निवासी 17 वर्षीय अंश श्रीवास्तव ने आठ जनवरी को जेईई परीक्षा में असफल होने के बाद आत्महत्या की बात कहते हुए पिता और मामा को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा था। इसके बाद वह घर से चला गया।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल और स्कूटी की लोकेशन के आधार पर इंद्रावती बड़े पुल से स्कूटी बरामद की थी। एसडीआरएफ टीम इंद्रावती नदी से महादेवघाट पुल तक लगातार खोजबीन कर रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।