फोन पर लगातार घंटियों से झल्लाना तो स्वाभाविक है लेकिन छत्तीसगढ़ में बेसिक ट्रेनिंग दे रहे निरीक्षक ने 60 जवानों के मोबाइल आग के हवाले कर दिए।
उनको इस बात पर गुस्सा आया था कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों के मोबाइल बार-बार बज क्यो रहे हैं? इसलिए, ड्रिल निरीक्षक धरमराज श्रीवास्तव ने सभी जवानों के मोबाइल फोन को आग के हवाले कर दिया। घटना शनिवार देर शाम की है।
जानकारी के मुताबिक ड्रिल निरीक्षक श्रीवास्तव ने तकरीबन 60 से 65 मोबाइल जब्त किए। पहले उन्हें जमीन में पटका, फिर सभी को एक-एक करके उनमें आग लगा दी।
एएसपी शशिमोहन सिंह ने ड्रिल निरीक्षक को निलम्बित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी होगी। घटना के बाद प्रशिक्षु जवानों में अफसरों के खिलाफ रोष है।
इस मामले पर धरमराज श्रीवास्तव ने कहा कि जवानों को लगातार हिदायत दी जा रही थी कि वे मोबाइल फोन लेकर न आएं, पर वे मान नहीं रहे थे।