बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक स्थित हथबंद गांव में स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय का भारी लोहे का मुख्य गेट अचानक गिरने से सात वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान रतनपुर निवासी शिवम यादव के रूप में हुई है। मासूम शिवम तीज पर्व के उपलक्ष्य में हथबंद गांव में अपनी बड़ी मां के घर आया हुआ था।
जर्जर पिलर ढहने से हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय का मुख्य गेट और उसको सहारा देने वाला पिलर लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। जर्जर पिलर कमजोर होने के कारण लोहे के भारी गेट का वजन सहन नहीं कर सका और अचानक ढह गया। इस दौरान परिसर के पास मौजूद मासूम शिवम यादव भारी लोहे के गेट की चपेट में आ गया। गेट के नीचे दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों में आक्रोश व जांच के आदेश
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने विद्यालय के गेट की खराब हालत के संबंध में पहले भी कई बार स्कूल प्रबंधन और सं अधिकारियों को अवगत कराया था। ग्रामीणों ने गेट की तुरंत मरम्मत कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना से ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपविभागीय अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।