कोंडागांव शहर इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन को एक बिल्कुल नए, भव्य अंदाज में मनाने जा रहा है। वर्ष की अंतिम रात शहरवासियों के लिए यादगार बनने वाली है, जब बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका और इंडियन आइडल फेम चारु सेमवाल अपनी धमाकेदार लाइव परफॉर्मेंस से पूरे शहर को झूमने पर मजबूर करेंगी।
यह पहला अवसर होगा जब बस्तर संभाग में व्यक्तिगत स्तर पर इतने बड़े और भव्य बॉलीवुड लाइव शो का आयोजन किया जा रहा है। इस मेगा इवेंट की मेजबानी सिद्धार्थ जैन और महेश चौहान द्वारा की जा रही है, जिसमें कोंडागांव शहर की कई नामी हस्तियों का भी सक्रिय सहयोग रहेगा। आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है, खासकर युवा वर्ग इस संगीतमय रात का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य महेश चौहान ने बताया कि बस्तर संभाग के इतिहास में यह पहली बार है जब इस स्तर का बॉलीवुड लाइव शो कोंडागांव में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं और संगीत प्रेमियों को बड़े महानगरों जैसा मनोरंजन अपने ही शहर में उपलब्ध कराना है। अब मनोरंजन के लिए बाहर बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि इस बार बॉलीवुड खुद कोंडागांव आ रहा है।