पूर्व कार्यकाल का अधूरा प्रोजेक्ट शुरू
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा शहर के पेट्रोल टंकी मुड़पार तिराहा से लेकर बाईपास रोड स्थित रेलवे कॉलोनी फर्नीचर दुकान तक सड़क चौड़ीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। यह परियोजना पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत हुई थी और निविदा (टेंडर) पिछले वर्ष ही जारी की जा चुकी थी, लेकिन बजट की कमी के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका। पूर्व पार्षद टीकराम चौहान ने बताया कि यह कार्य उनके पूर्व कार्यकाल का है और अब महापौर की पहल पर लगभग एक करोड़ 25 लाख रुपये की राशि आवंटित कर कार्य शुरू किया गया है।
स्थानीय लोगों ने काम की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई है। आरोप है कि जहां लाल पेवर ब्लॉक का इस्तेमाल होना था, वहां सफेद ब्लॉक का प्रयोग किया जा रहा है। इसके अलावा, सड़क का समतलीकरण (लेवलिंग) भी मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा। पूर्व पार्षद ने कहा कि उन्हें इस कार्य की शुरुआत की जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि कार्य जल्दबाजी में शुरू किया गया है, जिससे तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी खामियां दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि खामियों को संज्ञान में लेकर सुधार किया जाएगा।
पूर्व पार्षद टीकराम राठौर ने बताया कि वे पहले शारदा विहार के पार्षद थे और वर्तमान में उनकी पत्नी अमरिया पारा से पार्षद हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई जाएगी और इसे लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि कार्य की जांच कराई जाए और गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।
निगम का पक्ष
नगर निगम के संबंधित अधिकारी एई राहुल मिश्रा ने बताया कि फंडिंग उपलब्ध होने के बाद कार्य शुरू हुआ है और यह ठीक-ठाक चल रहा है। उन्होंने कहा कि पेवर ब्लॉकों के रंग अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग होंगे- पहले सफेद, फिर लाल और पीला।