रायपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 480 पौवा देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 48 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों ने पूछताछ में शराब को कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश गुप्ता उर्फ मुकेश बनिया की बताई है, जिसके संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र में कुछ लोग अवैध शराब लेकर कहीं ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्धों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।
पकड़े गए व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम गोपी सागर, नरेन्द्र सागर और विक्की बेहरा निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र बताया। पुलिस टीम द्वारा उनके पास रखी बोरियों की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में देशी शराब मिली। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर तीनों कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद शराब मुकेश गुप्ता उर्फ मुकेश बनिया की है और उसी के कहने पर वे शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि मुकेश गुप्ता कोतवाली थाना का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ गंभीर अपराधों सहित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में नारकोटिक एक्ट और आबकारी एक्ट के मामलों में फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना गंज में उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- गोपी सागर (27 वर्ष), निवासी उत्कल नगर, कालीबाड़ी, थाना कोतवाली, रायपुर
- नरेन्द्र सागर (24 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर
- विक्की बेहरा उर्फ उमेश (23 वर्ष), निवासी कालीबाड़ी, नेहरू नगर ढलान, थाना कोतवाली, रायपुर