छत्तीसगढ़ के राज्य स्तरीय 'युवा उत्सव-2025' में बलरामपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली 'इकतारा द फ्यूजन बैंड' ने रॉक बैंड कैटेगरी में 33 टीमों को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया। दीपक कुमार वसूले के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है।
छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा आयोजित “युवा उत्सव–2025” का आयोजन इस वर्ष राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, बिलासपुर में किया गया। इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के सभी जिलों से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं।
विज्ञापन
इसी क्रम में सरगुजा संभाग से रॉक बैंड विधा में “इकतारा द फ्यूज़न बैंड” ने बलरामपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। बैंड ने लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले एवं संभाग को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता में रॉक बैंड विधा के अंतर्गत प्रदेशभर से लगभग 33 टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इकतारा द फ्यूजन बैंड ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और दूसरा स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
इस टीम का नेतृत्व दीपक कुमार वसूले ने किया। टीम के अन्य सदस्य राहुल विश्वकर्मा, दिव्यम दास, राहुल मंडल, शौर्य सर्राफ, राहुल गुप्ता एवं अंकुश दास रहे, जिनके सामूहिक प्रयास से यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
टीम के सभी सदस्यों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग को देते हुए उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया। इस सफलता से बलरामपुर जिले में हर्ष का माहौल है और स्थानीय युवाओं को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।