छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- फोटो : एएनआई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हैदराबाद में महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या के आरोपियों को मुठभेड़ में मारे गिराए जाने की घटना पर कहा कि इसमें न्याय हुआ है।
बघेल ने रांची में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुझे सूचना मिली है कि चारों आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। यदि कोई अपराधी इस तरह से भागने की कोशिश करे तब पुलिस के पास कोई और चारा नहीं होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं ऐसा कह सकता हूं कि न्याय हुआ है।
इधर राज्य सरकार ने महिलाओं के साथ होने वाले अपराध को देखते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कारगर इंटीग्रेटेड प्लान बनाने का फैसला किया है।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कारगर इंटीग्रेटेड प्लान तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो सप्ताह के भीतर इंटीग्रेटेड प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।