छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मोपका में मछुआरे की पत्नी। एक पत्नी जो घर से कहीं बाहर नहीं जा सकती। किसी से नहीं मिल सकती। कहीं घूम भी नहीं सकती।
और ऐसा इसलिए क्योंकि उसके दोनों पैरों में बेड़ियां हैं। उसके पति ने पैरों में जंजीर बांध कर रखी है और उसकी लंबाई बस इतनी है कि पत्नी थोड़ा बहुत चल-फिर कर घर के काम काज कर सके।
पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पति ने उसे ऐसी हालत में पहुंचा दिया कि सुनने वाले को यकीन ही न हो कि कोई ऐसा कर सकता है।
बेटी ने किया आजाद
पति अपनी पत्नी को घर में ऐसे ही जंजीरों से बांध कर रखता था और पत्नी महीनों से ऐसे ही इस यातना को सहती आ रही थी।
और यह सब पति-पत्नी की बेटी के सामने होता आ रहा था। आखिर में बेटी से अपनी मां की हालत बर्दाश्त नहीं हुई और उसने अपने ही पिता के खिलाफ पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया और महिला को को उसकी त्रासद स्थिति से आजाद कराया।
हमेशा प्रताड़ित करता था पत्नी को
मोपका के रहने वाले कमल निषाद ने कई साल पहले सवित्रा से शादी की थी।
लेकिन वह अपनी शक करने की आदत से उसे हमेशा प्रताड़ित करता था। उसे कहीं बाहर आने जाने नहीं देता था। और बाद में यह स्थिति इतनी खराब हो गई कि पत्नी के पैरों में जंजीर बांध दी गई।
पत्नी की जंजीरों की लंबाई इतनी लंबी रखी गई थी कि वह घर में चल फिर सके और खाना बना सके।
बेटी ने कराया मां को आजाद
मां की यातना से दहल चुकी बेटी ने आखिर में अपने पिता से अपनी मां को आजाद कराने की ठान ली और कुछ दिन पहले जब पिता काम पर गए तो बेटी ने हिम्मत बटोर कर एसपी ऑफिस पहुंचकर सारी बात बताई।
मां-बेटी की इस खौफनाक दास्तां को सुनकर पुलिस ने तुरंत मां को आजाद कराने के लिए कार्यवाही की और पति को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में मां ने बताया कि वह पति के खौफ के कारण कोई विरोध नहीं कर पाती थी और बंधे होने के कारण कहीं जा कर शिकायत भी नहीं कर पाई थी।