रायपुर पुलिस ने छह वर्षों से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और स्थायी वारंटी संजय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
राजधानी रायपुर पुलिस ने छह वर्षों से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और स्थायी वारंटी संजय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, खमतराई थाना में वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में संजय रक्सेल फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम को लगाया गया था।
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी के संभावित ठिकानों, परिचितों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, संजय रक्सेल मौदहापारा थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, नकबजनी, चोरी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, नारकोटिक एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।