रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में तकनीक के सहारे नकल करने की कोशिश एक अभ्यर्थी को भारी पड़ गई। रायपुर के सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नपत्र की तस्वीरें लेने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में तकनीक के सहारे नकल करने की कोशिश एक अभ्यर्थी को भारी पड़ गई। रायपुर के सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नपत्र की तस्वीरें लेने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
घटना 15 जुलाई की है, जब iON Digital Zone, सरोना में आरआरबी की दूसरी पाली की ऑनलाइन परीक्षा चल रही थी। परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी की गतिविधियां कक्ष निरीक्षक को संदिग्ध लगीं। इसके बाद निगरानी बढ़ाई गई और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि अभ्यर्थी छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों के फोटो ले रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सुरक्षा जांच से बचने के लिए मोबाइल फोन डबल अंडरगारमेंट के भीतर छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। परीक्षा के दौरान उसी मोबाइल से प्रश्नों की तस्वीरें खींची गईं। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं। अधिकारियों ने इन तस्वीरों का मिलान परीक्षा के वास्तविक प्रश्नों से किया, जो सही पाई गईं।
विज्ञापन
मामले की सूचना मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर निवासी 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने प्रश्नों की तस्वीरें किस उद्देश्य से ली थीं और क्या इस मामले में किसी संगठित नकल गिरोह या अन्य व्यक्तियों की भी भूमिका है।