छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आज मंगलवार को पूरक परीक्षा के रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 10वीं और 12वीं के लगभग 45 हजार स्टूडेंट फेल हुए हैं। छात्रों ने पास होने की आस में एग्जाम दिए थे, लेकिन पूरक परीक्षा दिलाने के बाद भी हजारों की संख्या में विद्यार्थी फेल हुए हैं। 12वीं क्लास की पूरक परीक्षा में 21 हजार विद्यार्थी और 10वीं क्लास में 24 हजार स्टूडेंट फेल हुए हैं।
बता दें कि पूरक परीक्षा के लिए हाईस्कूल 10वीं में 31 हजार 563 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए थे। इनमें बालकों की संख्या 16 हजार 228 और 14 हजार 436 बालिकाएं शामिल हुए थे। 30 हजार 664 ही एग्जाम देने के लिए पहुंचे। इनमें से कुल 6 हजार 213 स्टूडेंट पास हो पाए। लगभग 20.27 प्रतिशत विद्यार्थी ही पास हुए हैं। वहीं 16 छात्रों के परिणाम कई कारणों से रोके गए हैं। इसमें से 7 नकल प्रकरण के और 9 की परीक्षा परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा।
हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 12वीं में पूरक परीक्षा के लिए 28 हजार 209 परीक्षार्थी शामिल हुए। 15 हजार 591 छात्र और 12 हजार 618 छात्राएं शामिल हुए। इनमें से 7 हजार 115 पास हुए। लगभग 25.24% विद्यार्थी पास हो पाए हैं। 24 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गए हैं। इनमें से 11 स्टूडेंट्स के परीक्षा परिणाम नकल प्रकरण और 13 स्टूडेंट्स के परीक्षा परिणाम को बाद में घोषित किया जाएगा। 10 वीं और 12 वीं के छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट http://cgbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।