छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को महासमुंद जिले के दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरोरा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण किया और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (सीजीएमएससी) के अधिकारियों से निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और समय पर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद, स्वास्थ्य मंत्री जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सभी वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंजीयन काउंटर, आईसीयू, और डायलिसिस यूनिट की सुविधाओं का जायजा लिया। डायलिसिस सेवाओं को और विस्तार देने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए अधिकारियों के साथ चर्चा की। निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित कटारिया को तत्काल सुधार के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने नयापारा में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया।
मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, 'सुशासन तिहार के तहत महासमुंद में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।' उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में स्वीकृत 605 पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 39 कर्मचारी हैं। इसे दूर करने के लिए 1000 पदों पर भर्ती के लिए स्वीकृति भेजी गई है और जल्द ही पीएससी व व्यापम के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस, सीटी स्कैन मशीन, और प्रमुख सर्जरी सुविधाओं की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैनपावर की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। आवश्यकता होने पर आज ही स्वीकृति दी जाएगी।' उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य सुविधाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।