स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सुशासन तिहार के तहत आज महासमुंद जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने महासमुंद पहुँचकर जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने पंजीयन काउंटर का अवलोकन कर पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि आज कुल 391 लोगों का पंजीयन किया गया है। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया एवं आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत उपस्थित थीं।
उन्होंने डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण करते हुए वार्ड में किडनी पीड़ित मरीजों से बातचीत की। मंत्री जायसवाल ने मरीज कोमल रात्रे से इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, अस्थमा पीड़ित राजकुमार एवं पथरी का इलाज करा रहे सीताराम से चर्चा कर उपचार की स्थिति जानी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मेडिकल वार्ड, मेडिसिन वार्ड तथा बाल्य एवं शिशु वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल्य एवं शिशु वार्ड में एसी और टीवी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए। जिला अस्पताल निरीक्षण के पश्चात स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा का भी निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
महासमुंद मेडिकल कालेज स्वशासी समिति की बैठक संपन्न
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज गुरुवार को जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद की स्वशासी समिति साधारण सभी की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत व जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए। जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को मेडिकल टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए औद्योगिक नीति के तहत 35 से लेकर 55 प्रतिशत छूट दिया जा रहा हैं। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने बैठक के दौरान कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि महासमुंद अंचल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो रही है। यहां से अच्छे और सेवाभावी डॉक्टर निकले ताकि मरीजों का बेहतर उपचार हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शासकीय अस्पतालों को निजी अस्पतालों के तर्ज पर अच्छी सी अच्छी और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिले। उन्होंने कहा यदि चिकित्सक पूर्ण मनोभाव और सेवा भाव से कार्य करें तो शासकीय चिकित्सालय भी लोगों के भरोसे पर खरा उतरेंगी।