सूरजपुर जिले में एक शातिर ठग ने सरकारी अधिकारी बनकर लाखों की ठगी की। आरोपी सुमित कुमार ने खुद को श्रम विभाग का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर प्रधानमंत्री आवास योजना और पशुधन विभाग की योजनाओं में 1 से 1.5 लाख रुपये की सब्सिडी का लालच दिया।
यह मामला ओडगी ब्लॉक के चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरसोप चौकी का है। ग्रामीण ठग के झांसे में आ गए। ठग ने पंचायत भवन में सरपंच और पंचों की मौजूदगी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर ग्रामीणों से 500 से 1000 रुपये वसूले। उसने 107 फॉर्म भरवाकर कुल 1.07 लाख रुपये जमा किए।
आरोपी ने सरकारी वाहन जैसी नंबर प्लेट CG16 CS 0226 वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया। वह कोरिया जिले के टेंगनी गिरजापुर का निवासी है। कुछ जागरूक ग्रामीणों ने श्रम विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।