बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गड़गोड़ी, कृष्णनगर, धमनी में 16 अगस्त की रात से वाड्रफनगर रेंज की ओर से आए 35 हाथियों का दल उत्पात मचा रहा है। हाथियों ने दो दिनों में 34 किसानों के धान, तिल, मेजरी, मक्का की फसल को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, एक बोर को भी हाथियों ने तोड़ दिया। सूचना पर रेंजर संतोष पांडे के नेतृत्व वन अमला एवं हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। वहीं, मुनादी भी कराई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 16 अगस्त की रात को वाड्राफनगर रेंज की ओर से 35 हाथियों का दल गड़गोड़ी पहुंचा। दल में 11 नर,19 मादा, 5 शावक हैं। 35 हाथियों के दल ने 17 अगस्त को गांव के कामेश्वर, अनुज प्रकाश, वीरेंद्र मरकाम, रामजीत के फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं, सुखदेव, शिवकुमार, रामप्रताप, रामनंदन रघबीर, गौरीशंकर, अरविंद तिवारी, रामशरण, धर्मपाल सहित 29 किसानों के धान मक्का तील एवं बिजली के फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के द्वारा एक बोरिंग को भी तोड़ दिया गया है।
क्षेत्र में 35 हाथियों के आ जाने से ग्राम वासियों में दहशत है। ग्रामवासी रतजगा कर रहे हैं। रेंजर संतोष पांडेय सहित वनपाल शांति प्रकाश लकड़ा, कृष्ण कुमार पैकरा नरेश कुमार पैकरा कलेश्वर राम सहित हाथी मंडल एवं सुरक्षा श्रमिक के द्वारा लगातार मौके पर पहुंचकर ग्राम वासियों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। साथ ही मुनादी भी कराई जा रही है। कांग्रेस नेता संतोष यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी क्षति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। विधायक बृहस्पत सिंह के द्वारा क्षति का आकलन कर तत्काल मुआवजा वितरण करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए। रेंजर संतोष पांडेय ने बताया कि हाथियों द्वारा पहुंचाई गई क्षति का आंकलन किया जा रहा है।