फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीपीएम :ऑनलाइन कमाई के नाम पर 7.90 लाख की साइबर ठगी, फेसबुक विज्ञापन देखकर फंसा प्रॉपर्टी डीलर

Tue, 13 Oct 2026 08:04 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

सार

गौरेला में फेसबुक पर ऑनलाइन कारोबार का विज्ञापन देखकर एक प्रॉपर्टी डीलर 7.90 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने वर्चुअल खाते में डॉलर में मुनाफा दिखाकर रकम जमा कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
ऑनलाइन मुनाफे के नाम पर प्रॉपर्टी डीलर से 7.90 लाख की ठगी।। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के गौरेला में ऑनलाइन कारोबार और कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक प्रॉपर्टी डीलर से 7 लाख 90 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने फेसबुक पर आकर्षक विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद ऑनलाइन सामान बेचकर कमाई करने का भरोसा दिलाया और वर्चुअल खाते में डॉलर के रूप में मुनाफा दिखाकर अलग-अलग चरणों में रकम जमा कराते रहे। जब पीड़ित ने पैसे अपने बैंक खाते में निकालने की कोशिश की, तो उससे अतिरिक्त शुल्क मांगा गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


फेसबुक विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, गौरेला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9, पुराना गौरेला निवासी विशाल जसवाल प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। फेसबुक स्क्रॉल करते समय उन्होंने esellerstorebuy.cc और esellerstorebuy.xyz वेबसाइटों के विज्ञापन देखे। इन विज्ञापनों में ऑनलाइन कारोबार के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। विज्ञापन देखने के बाद व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया गया। ठगों ने ऑनलाइन सामान बेचकर अच्छी कमाई होने का भरोसा दिलाया और उन्हें इस कारोबार में पैसा लगाने के लिए राजी कर लिया।

वर्चुअल खाते में डॉलर में दिखाया मुनाफा
ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में पांच लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उसे एक वर्चुअल खाते में डॉलर के रूप में कमाई और मुनाफा दिखाई देने लगा। खाते में बढ़ती रकम देखकर पीड़ित को भरोसा हो गया कि उसका निवेश फायदे में है। जब उसने वर्चुअल खाते में दिखाई जा रही रकम अपने वास्तविक बैंक खाते में निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने अतिरिक्त शुल्क जमा करने की शर्त रख दी। मुनाफा मिलने की उम्मीद में पीड़ित अलग-अलग चरणों में रकम जमा करता रहा। इस तरह वह कुल 7 लाख 90 हजार रुपये गंवा बैठा।
विज्ञापन


मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरू
ठगी का अहसास होने के बाद विशाल जसवाल ने गौरेला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 0460/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया है। पुलिस शिकायत में बताए गए मोबाइल नंबरों 9121239631, 9118475430 और 343-577-2536 से संबंधित लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में ऑनलाइन लेनदेन और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है।

एसपी ने की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि कम समय में अधिक मुनाफा कमाने की लालसा साइबर ठगी की प्रमुख वजहों में से एक है। सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन देखकर लोग बिना जांच-पड़ताल के अनजान लोगों पर भरोसा कर लेते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। 

उन्होंने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन निवेश या कारोबार के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। किसी वेबसाइट या वर्चुअल खाते में डॉलर अथवा मुनाफा दिखाई देना वास्तविक कमाई का प्रमाण नहीं है। रकम निकालने के लिए अतिरिक्त शुल्क मांगने वालों से सतर्क रहें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस और संबंधित साइबर शिकायत माध्यमों को सूचना दें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें