New Year 2026: नए साल पर GPM जिले में किया हुड़दंग तो होगी सख्त कार्रवाई, एसपी ने दिए कड़े निर्देश
Tue, 30 Dec 2025 03:15 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही
सार
नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिले में गौरेला पेंड्रा मरवाही पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर अतिरिक्त बल तैनात की जाएगी। एसपी के निर्देश पर नशे में ड्राइविंग, तेज डीजे, ध्वनि प्रदूषण और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नव वर्ष के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आम नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग नव वर्ष का उत्सव संयम, अनुशासन और कानून के दायरे में रहकर मनाएं। भीड़-भाड़ वाले इलाकों, पिकनिक स्पॉट्स और बाजार क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने, सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील आचरण करने तथा किसी भी प्रकार की कानून-विरुद्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन, नशे में वाहन चलाने की रोकथाम, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और महिला व बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चलती गाड़ियों की औचक जांच के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।
विज्ञापन
जिला पुलिस अधीक्षक एस आर भगत ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक बनते हुए नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और कानून व्यवस्था में सहयोग करें।
किसी भी आपात स्थिति, उपद्रव या हुड़दंग की सूचना के लिए नागरिक पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा डायल 112 पर तत्काल संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।