छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालत में उसके ही घर में फांसी से लटका हुआ मिला है। मायके पक्ष वालों का आरोप है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और उसे मारकर लटकाने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले के भेजरी गांव की रहने वाली निर्मला की शादी 2017 में कोटखर्रा गांव निवासी पुष्पेंद्र टांडिया से हुई थी। शुक्रवार को निर्मला का शव उसके ही कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिला। मायके वालों को पता चला तो वह भी गांव पहुंच गए। आरोप लगाया कि निर्मला के शरीर पर चोट के निशान हैं। वह खुदकुशी नहीं कर सकती है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को नीचे उतरवाया।
परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही निर्मला बताती थी कि ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता है। कई बार झगड़े के बाद वह मायके आ जाती। पिछले दिनों ही फिर निर्मला अपने पति के साथ मायके से ससुराल पहुंची थी। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल ससुराल वालों से पूछताछ की जा रही है।