फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजमिस्त्री से फ्रॉड: मजदूरों के नाम पर ठगी, पुलिस ने चार अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मामला

Mon, 17 Nov 2025 10:56 AM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

सार

छत्तीसगढ़ के गौरेला क्षेत्र में मजदूरों को उपलब्ध कराने के नाम पर एक राजमिस्त्री से 55 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गौरेला थाना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गौरेला क्षेत्र में मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 55 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित बेमेतरा जिले के राका गांव निवासी बृजेश कुमार चंद्रवंशी (31) राजमिस्त्री का काम करते हैं। ठेकेदार के कहने पर वे मजदूरों की तलाश में गौरेला पहुंचे थे, लेकिन यहां एक गिरोह ने भरोसा जीतकर उनसे बड़ी रकम ऐंठ ली। घटना के सामने आने के बाद गौरेला पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, पीड़ित बृजेश कुमार के ठेकेदार नीरज कुमार ने उन्हें मजदूर की व्यवस्था करने गौरेला भेजा था। यहां पहुंचकर बृजेश स्टेशन रोड स्थित अग्रवाल लॉज में रुके थे। मजदूरों की खोज के दौरान उनकी बातचीत कटघोरा निवासी राजू नामक व्यक्ति से हुई। राजू ने मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देते हुए बृजेश को 13 नवंबर की सुबह गौरेला रेलवे स्टेशन के पास मिलने बुलाया। वहां वह अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ मौजूद था।

राजू ने बृजेश को भरोसे में लेते हुए उन्हें जिला अस्पताल के पास ले गया। यहां उसने मजदूरों की एडवांस बुकिंग के नाम पर 40 हजार रुपये और वाहन किराए के तौर पर 15 हजार रुपये की मांग की। मजदूरों की तत्काल आवश्यकता के कारण बृजेश ने बताए गए फोन-पे नंबर पर कुल 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी यह कहकर वहां से चले गए कि वे मजदूर लेकर आते हैं, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी वे वापस नहीं लौटे। जब बृजेश ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा।
विज्ञापन


ठगी का अहसास होने पर बृजेश सीधे गौरेला थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, राजू, अजय और उनके दो अज्ञात साथियों ने मिलकर उनसे धोखाधड़ी की है। बृजेश ने यह बात अपने ठेकेदार और साथियों को भी बताई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

गौरेला पुलिस ने बृजेश कुमार की लिखित शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5)-BNS, 318(2)-BNS, 318(4)-BNS के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान, मोबाइल नंबर व ट्रांजैक्शन की जानकारी के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह का कहना है  उनकी टीम आरोपियों की पतासाजी में जुट गई है और वे जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें