पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव का है, जहां पर पत्नी मंगली बाई मोहल्ले में किसी के घर गई हुई थी। लौटने में हुई थोड़ी देरी को लेकर पति पंचराम ने विवाद शुरू कर दिया, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ा कि उसने गुस्से में आकर पंचराम ने घर मे रखे टांगिया से पत्नी मंगली बाई पर वार कर दिया और लगातार एक के बाद एक वार कर मंगली बाई के पैरों में हमला करता रहा। साथ ही बोलता रहा कि 'तू इसी पैरों से पड़ोस में गई थी न'। घटना में मंगली बाई के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है। शोर सुनकर मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और तत्काल 112 डायल को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घायल महिला मंगली बाई को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया। तो वहीं अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पेंड्रा थाना पुलिस ने आरोपी पति पंचराम के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।