गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के पेंड्रा के अमरपुर रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास खड़े एक मैजिक वाहन में संचालित चखना दुकान को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना देर रात की बताई जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मैजिक वाहन में चखना दुकान संचालित की जा रही थी। देर रात अचानक वाहन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नगर पालिका परिषद पेंड्रा की फायर ब्रिगेड टीम को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मैजिक वाहन का सामने का हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
प्रारंभिक तौर पर आगजनी की घटना को अज्ञात लोगों की करतूत माना जा रहा है। पीड़ित वाहन मालिक ने पेंड्रा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगजनी के कारण वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।