भिलाई नगर थाना क्षेत्र के पंथी चौक पर ट्रक ने स्कूटी सवार छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 10वीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही भिलाई एएसपी सुखनंदन राठौर और भिलाई नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना के बाद कुछ देर तक आवागमन भी प्रभावित हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
भिलाई एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मृतक छात्रा की शिनाख्त रिद्धिमा साहू के रूप में हुई है, जो रिसाली के कृतिका अपार्टमेंट की रहने वाली थी। घर से स्कूटी से सेक्टर 10 कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान पंथी चौक के पास ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। बहरहाल भिलाई नगर ट्रक को जब्त किया है। वहीं, घटना के बाद से फरार ट्रक चालक ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।