छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को रेण नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। राम सरस्वतीपुर घाट पर एक ही परिवार के चार लोग नदी में डूब गए। मृतकों में पिता-पुत्र और दो नाबालिग भाई शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान विवेक कुमार सिंह (45), उनके बेटे अभिजीत सिंह (20) और गोपाल कृष्ण (13) व कृष्ण गोपाल (15) के रूप में हुई है। विवेक कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी से मिलने सूरजपुर जिले के चंद्रपुर गांव आए थे। उनके साथ उनकी पत्नी की बहन के दो बेटे भी थे, जो बिहार के कटिहार में रहते थे।
बच्चों को बचाने नदी में कूदा पिता
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, चारों राम सरस्वतीपुर घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान अभिजीत सिंह और उसके चचेरे भाई गोपाल कृष्ण व कृष्ण गोपाल गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें डूबता देख विवेक कुमार सिंह ने बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों की डूबने से मौत हो गई।
विज्ञापन
गोताखोरों ने निकाले शव, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और होमगार्ड विभाग के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद चारों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।