छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजित जोगी का आज निधन हो गया है। 74 साल के जोगी को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार दोपहर उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद देश के तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में तीन दिन के राजकीय अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट किया, राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी का निधन छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए एक बड़ी राजनीतिक क्षति है। राज्य में आज से तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया जाता है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और इस दौरान कोई भी शासकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे। स्वर्गीय जोगी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।
वहीं, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन पर शोक जताया। नायडू ने अपना शोक संदेश ट्वीट किया, ‘छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री व पूर्व सांसद अजीत जोगी के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों और सहयोगियों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति!’