मैनपाट के तराई क्षेत्र में स्थित जजगा गांव में बुधवार सुबह खेत की जुताई करने केदौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। तार की चपेट में आने से एक किसान और दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी विद्युत उपकरणों की मरम्मत के नाम पर कमीशनखोरी कर रहे हैं। घटिया उपकरण लगाए जाने से स्पार्किंग के साथ आए दिन तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, जजगा गांव निवासी मंजू खलखो पुत्र शुकुल खलखो बुधवार सुबह रोपा लगाने के लिए खेत की जुताई कर रहे था। इस दौरान खेत में हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। पानी व कीचड़ से भरे खेत में करंट फैल जाने से किसान मंजू के साथ उसके दो बैलों की भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की चार बेटियां हैं। मृतक परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से परिवार के समक्ष दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लोगों ने किया चक्काजाम
आनन-फानन में ग्रामीणों द्वारा बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई को बंद करवाया गया। बिजली विभाग की लापरवाही से इस घटना व अधिकारियों के नहीं पहुंचने परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मृतक की पत्नी और चार बेटियों को लेकर भाजपा नेता प्रभात खलखो ने ग्रामीणों के साथ मैनपाट-सीतापुर सड़क मार्ग को बंद कर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर सीतापुर तहसीलदार, मैनपाट तहसीलदार, सीतापुर थाना प्रभारी सहित बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों एवं ग्रामीणों से बात कर मार्ग को खुलवाया। परिजनों को तत्काल सहायता राशि के तौर पर 25,000 रुपये दिए गए। सीतापुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हो सकता था बड़ा हादसा
करंट लगने से एक व्यक्ति सहित दो बैलों की जान चली गई, लेकिन इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था। वहां रोपा लगाने के लिए तैयार 9 महिलाएं खेत तैयार होने का लेकर इंतजार कर रही थी। महिलाओं के खेत में उतरने से पहले ही यह हादसा हो गया।